सुल्तानपुर,27 दिसंबर (आरएनएस)। बल्दीराय तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत रामनगर धनपतगंज अंतर्गत पूरे राम भदर मिश्र गांव निवासी तथा उत्तर प्रदेश शासन में डिप्टी ट्रांसपोर्ट कमिश्नर पद से सेवानिवृत्त राजेंद्र प्रसाद मिश्र का लंबी बीमारी के बाद मेदांता अस्पताल लखनऊ में निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। श्री मिश्र का अंतिम संस्कार पूरे विधि-विधान के साथ गोमती नदी के तट स्थित सरैया घाट पर किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में परिजन, शुभचिंतक एवं क्षेत्रवासी शामिल हुए।वर्ष 2017 में सेवानिवृत्त हुए श्री मिश्र अपने सरल स्वभाव, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते थे। उन्होंने अपने कार्यकाल में प्रशासनिक सेवाओं के माध्यम से एक साफ-सुथरी और अनुकरणीय पहचान बनाई। लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे श्री मिश्र का इलाज मेदांता हॉस्पिटल गुरुग्राम सहित प्रदेश के विभिन्न प्रतिष्ठित अस्पतालों में कराया गया, लेकिन अंतत: जीवन की जंग हार गए। उनकी प्रारंभिक शिक्षा पी.पी. इंटर कॉलेज वलीपुर, सुल्तानपुर से हुई थी, जबकि उच्च शिक्षा उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से प्राप्त की। वर्ष 1984 में प्रतियोगी परीक्षा उत्तीर्ण कर उन्होंने प्रशासनिक सेवा में कदम रखा। वे तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और परिवार के लिए सदैव मार्गदर्शक बने रहे। उनके सहयोग से उनके दोनों छोटे भाई कृषि कार्य में प्रगतिशील किसान के रूप में स्थापित हुए।सादगी, ईमानदारी और समाजसेवा उनकी पहचान थी। गांव से लेकर प्रशासनिक सेवा तक उन्होंने अपने आचरण से सबका दिल जीता। अपने पीछे वे तीन पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी धर्मपत्नी ने बताया कि श्री मिश्र ने जीवनभर परिवार और समाज दोनों के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से किया।उनके निधन से क्षेत्र ने एक ईमानदार, कर्मठ और जनसेवा को समर्पित व्यक्तित्व खो दिया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

