रायपुर, 28 दिसंबर (आरएनएस)। 31 दिसंबर की रात नए साल के जश्न को लेकर रायपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में रहेगी। शहरभर में होने वाले कार्यक्रमों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। पुलिस का साफ कहना है कि नशे में वाहन चलाने वालों और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नशे की हालत में कार या दुपहिया चलाते पाए जाने पर वाहन जब्त किया जाएगा।
इस बार पुलिस ने केवल नशेडिय़ों पर ही नहीं, बल्कि उन्हें शराब पिलाने वाले कार्यक्रम आयोजकों पर भी कार्रवाई के संकेत दिए हैं। होटल, रेस्टोरेंट और फार्म हाउस संचालकों से बड़े आयोजनों की पूरी जानकारी मांगी गई है। बिना अनुमति किसी भी तरह के आयोजन की इजाजत नहीं होगी और बिना लाइसेंस शराब परोसने पर कार्रवाई तय है। यदि अनुमति लेकर शराब परोसी जाती है, तो आयोजकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी मेहमान नशे में सड़क पर वाहन न चलाए। ऐसे मेहमानों को सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए ड्राइवर या वाहन की व्यवस्था आयोजकों को ही करनी होगी। इधर, नए साल से पहले पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर भी शिकंजा कसना तेज कर दिया है। अमलीडीह क्षेत्र के वरण अपार्टमेंट में छापा मारकर एक नाबालिग बालिका समेत पांच आरोपियों को पकड़ा गया था। इसके बाद ड्रग्स तस्करी से जुड़े तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन आरोपियों का संबंध इवेंट मैनेजमेंट से भी बताया जा रहा है और इनका नेटवर्क नागपुर व बिहार तक फैला हुआ है। ड्रग डिलीवरी के मामले में नागपुर से रायपुर आए एक आरोपी की भी गिरफ्तारी की जा चुकी है। इसके अलावा अफीम और गांजा तस्करी के मामलों में भी लगातार गिरफ्तारियां हो रही हैं। पुलिस ने सभी होटल, रेस्टोरेंट कारोबारियों और फार्म हाउस संचालकों को नोटिस जारी कर 31 दिसंबर की रात होने वाले आयोजनों की जानकारी मांगी है। आयोजनों में शामिल होने वाले सेलिब्रिटी, सुरक्षा में तैनात बाउंसर और स्टाफ की सूची भी अनिवार्य रूप से देनी होगी। पुलिस जल्द ही होटल, रेस्टोरेंट, बार संचालकों और इवेंट आयोजकों के साथ बैठक कर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगी।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

