जांजगीर-चांपा , 29 दिसंबर (आरएनएस)। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने और हिंदू देवी-देवताओं के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 28 दिसंबर 2025 को प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अकलतरा थाना क्षेत्र अंतर्गत तरौद वार्ड क्रमांक 20 में दो व्यक्तियों द्वारा स्थानीय लोगों पर हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया जा रहा था। साथ ही हिंदू धर्म से जुड़े देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक बातें कही गईं, जिससे समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
घटना की सूचना पर थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 661/25 दर्ज किया गया। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) की धारा 299 तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम 1968 की धारा 03 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
गिरफ्तार आरोपी:
1. संजू दांडेकर (उम्र 37 वर्ष), निवासी लीमाही, थाना पलारी, जिला बलौदाबाजार
2. मोती सिंह (उम्र 39 वर्ष), निवासी किरारी, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा श्री विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोप स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना अकलतरा पुलिस टीम की सक्रियता और तत्परता सराहनीय रही।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

