धमतरी , 29 दिसंबर (आरएनएस)। पुलिस ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र से सक्रिय एक शातिर महिला चोर गिरोह का खुलासा किया है। ई-रिक्शा में यात्रियों के साथ बैठकर नकदी चोरी करने वाली तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
घटना का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 20 दिसंबर 2026 को मराठापारा धमतरी निवासी सरिता त्रिपाठी अपनी बच्ची के साथ मकान निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को भुगतान करने हेतु 20 हजार रुपये नकद अपने बैग में रखकर गणेश चौक से ई-रिक्शा में सवार हुई थीं। यात्रा के दौरान रामबाग के पास तीन अज्ञात महिलाएं उसी ई-रिक्शा में बैठीं और विंध्यवासिनी मंदिर के पास उतर गईं।
कारगिल चौक पहुंचने पर जब प्रार्थिया ने किराया देने के लिए बैग देखा तो उसमें रखी नकदी गायब पाई गई। इस पर तत्काल थाना सिटी कोतवाली धमतरी में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
पुलिस जांच एवं कार्रवाई
थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 352/2025 धारा 305(ब), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।
पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया, गवाहों के बयान लिए गए तथा बंद परिपथ दूरदर्शन कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की तलाश की गई। जांच के दौरान विंध्यवासिनी मंदिर के पास तीनों संदिग्ध महिलाएं घूमते हुए मिलीं, जिन्हें हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
जप्ती विवरण
आरोपियों के कथन के आधार पर कुल 8,680 रुपये नकद राशि बरामद की गई—
प्रिया इंचुरकर से 3,650 रुपये
रंजू सेंडे से 2,250 रुपये
संगीता पाथरे से 2,780 रुपये
गिरफ्तार आरोपी महिलाएं
1. प्रिया इंचुरकर (40 वर्ष), निवासी एम.जी. नगर तारसा रोड, थाना कन्हान, जिला नागपुर (महाराष्ट्र)
2. रंजू सेंडे (50 वर्ष), निवासी मुंडीकोटा, घोघरा चौकी, थाना तिरोडा, जिला गोंदिया (महाराष्ट्र)
3. संगीता पाथरे (40 वर्ष), निवासी सतरापुर, खंडरवार कंपनी, थाना कन्हान, जिला नागपुर (महाराष्ट्र)
तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
अपराधिक रिकॉर्ड एवं अपराध करने की कार्यप्रणाली
जांच में यह तथ्य सामने आया है कि आरोपी महिलाएं पूर्व में भी रायपुर जिले में इसी प्रकार ई-रिक्शा में यात्रा कर रहे यात्रियों के बैग से नकदी चोरी करने की घटनाओं में संलिप्त रही हैं। इनका अपराध करने का तरीका यात्रियों के साथ जानबूझकर धक्का-मुक्की कर अवसर का लाभ उठाते हुए बैग से नकदी चोरी करना रहा है।
धमतरी पुलिस की अपील
धमतरी पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि सार्वजनिक स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्क रहें, अपने पर्स और बैग सुरक्षित रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112 या 100 पर दें।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

