दतिया 29 दिसंबर (आरएनएस)।प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाली समय-सीमा (टीएल) बैठक कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े की अध्यक्षता में न्यू कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने टीएल में लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दतिया अक्षय कुमार तेम्रवाल, अपर कलेक्टर महेन्द्र सिंह कवचे, एसडीएम दतिया संतोष तिवारी, संयुक्त कलेकटर श्रृति अग्रवाल सहित जिला अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे।
कलेक्टर वानखड़े ने जिले में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए समस्त तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों को निर्देशित किया कि जहां-जहां प्रतिमाएं स्थापित हैं, वहां दो अलग-अलग स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं या नहीं, इसकी सत्यापन रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। जहां कैमरे स्थापित नहीं हैं, वहां तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को नामांतरण एवं बंटवारे के प्रकरणों में प्रगति लाने तथा अनुकंपा नियुक्ति के लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। शीतलहर एवं बढ़ती ठंड को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को स्कूलों के समय में आवश्यक परिवर्तन करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में पट्टा सर्वेक्षण कार्य की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में नॉन-अटेंडेड शिकायतों पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों के वेतन में कटौती करने तथा कटी हुई राशि रेडक्रॉस में जमा कराने के निर्देश दिए। साथ ही 50 दिवस से अधिक समय से लंबित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेकटर द्वारा बैठक में अवमानना प्रकरणों एवं अंतरविभागीय मुद्दों की भी समीक्षा की गई। बैठक के अंत में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागों के अधिकारियों को कलेक्टर द्वारा पुरस्कृत भी किया गया।

