रायपुर, 30 दिसंबर (आरएनएस)। रायपुर रैंडोन्यूर्स की ओर से 25 दिसंबर को आयोजित रुक्ररू 1200 लंबी दूरी की साइकिलिंग इवेंट में रायपुर के साइकिलिस्ट और एनआईटी रायपुर में कार्यरत सुरेश दुआ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया। इस इवेंट में 1200 किलोमीटर की दूरी अधिकतम 90 घंटे में पूरी करनी होती है, जिसे सुरेश दुआ ने मात्र 78 घंटे 58 मिनट में सफलतापूर्वक पूरा कर लिया।
इस कठिन चुनौती के दौरान सुरेश दुआ ने चार दिनों में अलग-अलग रूट पर साइकिलिंग की। पहले दिन उन्होंने रायपुर से देवरी (महाराष्ट्र) तक 350 किलोमीटर, दूसरे दिन रायपुर से सोहेला (उड़ीसा) तक 380 किलोमीटर, तीसरे दिन रायपुर से कांकेर तक 300 किलोमीटर और चौथे दिन रायपुर से गरियाबंद तक 170 किलोमीटर की दूरी तय की। उल्लेखनीय बात यह रही कि इस इवेंट में सुरेश दुआ अकेले प्रतिभागी थे
।
सुरेश दुआ लंबी दूरी की साइकिलिंग यानी रैंडोन्यूरिंग के अनुभवी साइकिलिस्ट हैं। साल 2025 में वे अब तक चार बार ‘सुपर रैंडोन्यूर्सÓ का खिताब हासिल कर चुके हैं, जिनमें से एक खिताब उन्होंने मात्र छह दिनों में अर्जित किया। रैंडोन्यूर्स वे साइकिलिस्ट होते हैं जो जीत के बजाय आत्म-अनुशासन, शारीरिक और मानसिक सहनशक्ति की परीक्षा के लिए तय समय सीमा में 200 से 1200 किलोमीटर तक की ब्रेवेट साइकिलिंग पूरी करते हैं।
इसी वर्ष जुलाई माह में सुरेश दुआ ने लेह से उमलिंग ला तक साइकिल यात्रा कर एक और उपलब्धि अपने नाम की, जो दुनिया का सबसे ऊँचा मोटरेबल पास माना जाता है। आंकड़ों की बात करें तो वर्ष 2025 में वे अब तक 16,728 किलोमीटर साइकिल चला चुके हैं, जबकि कुल मिलाकर उन्होंने अब तक 85,241 किलोमीटर की साइकिल यात्रा पूरी कर ली है।
सुरेश दुआ की यह उपलब्धि न सिर्फ रायपुर बल्कि पूरे राज्य के साइकिलिंग प्रेमियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।
००००

