भोपाल,30 दिसंबर (आरएनएस)। हनुमानगंज थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए 500 रुपए ना देने पर युवक पर छुरी से हमला करने वाला आरोपी महज 24 घंटे में पुलिस के गिरफ्त में आ गया है।
आरोपी की पहचान नोमान खान उर्फ तंजिल उर्फ लाला उर्फ नोमान लाला के रूप में हुई है, जो पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति का बताया जा रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी पर शहर के तीन अलग-अलग थानों में आर्म्स एक्ट सहित कुल 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। त्वरित कार्रवाई कर पुलिस ने न सिर्फ आरोपी को पकड़ा, बल्कि वारदात में इस्तेमाल की गई छुरी भी बरामद कर ली।
घटना सोमवार मंगलवारी की रात करीब 12.30 बजे की है। इंद्रानगर निवासी 21 वर्षीय फरियादी मोहम्मद शारिक सलीम चौक पर मौजूद था। इसी दौरान आरोपी नोमान वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए उससे 500 रुपए मांगने लगा।
शारिक ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब शारिक ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने छुरी निकालकर उसके बाएं पैर की जांघ में वार कर दिया। हमले में शारिक के पैर से खून बहने लगा। मौके पर मौजूद तालिब ने बीच बचाव कर पीडि़त को बचाया।
पीडि़त के अनुसार, हमला करने के बाद आरोपी ने धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए तो जान से खत्म कर देगा। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल अवस्था में शारिक थाने पहुंचा और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अपराध क्रमांक 638/25 के तहत बीएनएस की धारा 296ए, 118(1), 119(1) और 351(2) में केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी थी।
इधर, शहर में बढ़ते अपराधों पर नियंत्रण के लिए पुलिस आयुक्त हरिनारायण चारी मिश्र के निर्देश पर सभी थानों को सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश गोस्वामी और पुलिस उपायुक्त जोन 3 अभिनव चौकसे के निर्देशन में हनुमानगंज थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित की। टीम को आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और हथियार की बरामदगी का टास्क सौंपा गया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी नोमान काजी कैंप स्थित एक चाय की दुकान के पास खड़ा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा। घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम नोमान खान उर्फ तंजिल उर्फ लाला उर्फ नोमान लाला बताया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने छुरी रेलवे ग्राउंड में सीमेंट के पत्थर के पास छिपा दी है।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई छुरी बरामद कर ली। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय भोपाल के समक्ष पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उसकी आपराधिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी।
नोमान लाला का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है। उस पर हनुमानगंज, गौतम नगर, मंगलवारा, कोतवाली और शाहजहांनाबाद थानों में चोरी, मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट के कुल 16 मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी आदतन अपराधी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश सिंह भदौरिया के नेतृत्व में कार्यवाहक उप निरीक्षक शिवलाल वर्मा, उप निरीक्षक ओमप्रकाश यादव, प्रधान आरक्षक गोविंदराम, मोहम्मद यूसुफ सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की सराहना की है।

