भोपाल,30 दिसंबर (आरएनएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को लेकर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के बयान पर मध्यप्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कड़ा पलटवार किया है। मिश्रा ने दिग्विजय सिंह की संघ की तारीफ को लेकर तीखी टिप्पणी करते हुए सवाल खड़े किए।
डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि दिग्विजय सिंह की इस टिप्पणी से “ओसामा बिन लादेन की आत्मा दोजख़ में रो रही होगी” और “जाकिर नाइक खुद को अनाथ महसूस कर रहा होगा।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो नेता कभी “भगवा आतंकवाद” जैसे शब्दों के जनक रहे, आज उन्हीं के मुंह से संघ की तारीफ सुनना आश्चर्यजनक है।
मिश्रा ने आगे कहा कि दिग्विजय सिंह के मुंह से “राम-राम” सुनना भी कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने आशंका जताई कि यह सब आगामी राज्यसभा चुनाव से जुड़ी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा हो सकता है। पूर्व गृह मंत्री ने कहा कि दो महीने बाद राज्यसभा चुनाव होने हैं और संभव है कि दिग्विजय सिंह कांग्रेस हाईकमान पर दबाव बनाने के लिए इस तरह के बयान दे रहे हों। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पहले भी राज्यसभा में जाने के लिए राजनीतिक परिस्थितियों को प्रभावित किया गया था। डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने इसे पूरी तरह राजनीतिक दबाव की रणनीति करार देते हुए कांग्रेस पर भी निशाना साधा है।

