अयोध्या,लखनऊ 31 दिसंबर (आरएनएस ) । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को अयोध्या पहुंचकर हनुमानगढ़ी में संकट मोचन हनुमान के दर्शन-पूजन किए। इसके बाद दोनों नेता श्रीराम जन्मभूमि परिसर पहुंचे, जहां प्रभु रामलला मंदिर और राम दरबार में विधिवत दर्शन-आरती कर मंदिर की परिक्रमा की तथा देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि व जनकल्याण की कामना की।प्रतिष्ठा द्वादशी कार्यक्रम में शामिल होने रक्षा मंत्री बुधवार सुबह अयोध्या पहुंचे, जहां महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। इसके पश्चात दोनों नेता हनुमानगढ़ी पहुंचे और संकट मोचन हनुमान के चरणों में शीश नवाया। वहां से वे सीधे श्रीराम जन्मभूमि परिसर गए और रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई। इसके बाद राम दरबार में भी दर्शन-पूजन कर राष्ट्र और प्रदेश की उन्नति के लिए प्रार्थना की।इस अवसर पर मुख्यमंत्री और रक्षा मंत्री ने मंत्रोच्चार और जयकारों के बीच विधिवत पूजन कर मां अन्नपूर्णा मंदिर के शिखर पर धर्मध्वजा का आरोहण किया। पूरा वातावरण भक्ति और श्रद्धा से सराबोर नजर आया।दर्शन-पूजन के उपरांत जब दोनों नेता मंदिर परिसर से बाहर निकले तो श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथ हिलाकर श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया और बच्चों को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद दिया। इस दौरान श्रीराम जन्मभूमि परिसर में आस्था, उल्लास और उत्साह का विशेष दृश्य देखने को मिला।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

