लखनऊ 31 दिसंबर (आरएनएस )। ऐशबाग स्थित जलकल मुख्यालय में 31 दिसंबर 2025 को सेवा से सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महापौर सुषमा खर्कवाल ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।समारोह को संबोधित करते हुए महापौर ने कहा कि जलकल विभाग के कर्मचारियों का योगदान शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत और सुचारू बनाए रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ किया। वर्षों की सेवा के बाद सेवानिवृत्ति जीवन का एक नया अध्याय है, जिसमें अब वे परिवार और समाज के लिए अधिक समय दे सकेंगे।कार्यक्रम में पार्षद संदीप शर्मा, राजेश सिंह गब्बर, सौरभ सिंह मोनू, पूर्व पार्षद साकेत शर्मा, संतोष राय, भाजपा नेता संतोष दुबे, महिमा सिंह तथा जलकल विभाग के महाप्रबंधक कुलदीप सिंह ने भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।31 दिसंबर 2025 को जलकल विभाग से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों में गैंगमैन महेश कुमार शुक्ला, गैंगमैन दिलीप राज गुप्ता, वेल्डर मनोज कुमार, पम्प ऑपरेटर अजय कुमार वर्मा, गैंगमैन सुनील कुमार सिंह, पम्प ऑपरेटर माता राम और पम्प ऑपरेटर ज्ञानेश कुमार शर्मा शामिल रहे। इन सभी कर्मचारियों ने अपने-अपने पदों पर रहते हुए वर्षों तक विभाग की सेवा की और जलकल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।समारोह के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और विभाग के सहयोगपूर्ण वातावरण के लिए आभार जताया। कार्यक्रम का समापन सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सम्मानजनक, स्वस्थ और सुखमय भविष्य की कामना के साथ किया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

