लखनऊ 31 दिसंबर (आरएनएस )। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में युवक की हत्या की घटना का पुलिस ने कुछ ही घंटों में सफल अनावरण करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना मोहनलालगंज और दक्षिणी जोन की सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा, मृतक का मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस के अनुसार 30 दिसंबर 2025 को रवि मोहम्मद निवासी जेल रोड, ग्राम मऊ ने थाना मोहनलालगंज में सूचना दी थी कि उनका पुत्र अलमास उम्र करीब 21 वर्ष 29 दिसंबर की शाम करीब साढ़े सात बजे खुजौली जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। सूचना के आधार पर थाना मोहनलालगंज में गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश शुरू की गई।
इसी दौरान 30 दिसंबर को बड़ी नहर के किनारे खेत में एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान गुमशुदा अलमास के रूप में की। मृतक के पिता की तहरीर पर थाना मोहनलालगंज में हत्या का मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं, जिसमें सर्विलांस सेल को भी शामिल किया गया।पुलिस टीमों ने खुजौली-मऊ मार्ग समेत आसपास के क्षेत्रों में लगभग सौ सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया और स्थानीय स्तर पर गहन पूछताछ की। लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप पुलिस ने 31 दिसंबर 2025 को गणेश खेड़ा क्षेत्र से तीन अभियुक्तों रमजान, अरमान और सूरज को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्त और मृतक आपस में मित्र थे और एक ही मोहल्ले में रहते थे। अभियुक्त रमजान द्वारा मृतक की रिश्ते की बहन को परेशान किया जाता था, जिसको लेकर पूर्व में मृतक से उसका विवाद और मारपीट हो चुकी थी। इसी रंजिश के चलते रमजान ने अपने साथियों के साथ मिलकर अलमास की हत्या की साजिश रची।पुलिस के अनुसार 29 दिसंबर की शाम अभियुक्तों ने फोन कर अलमास को बुलाया और योजनाबद्ध तरीके से उसे अपने साथ मोटरसाइकिल से ले गए। पहले वे एक स्थान पर रुके, लेकिन वहां लोगों की मौजूदगी के कारण वापस लौट आए। इसके बाद बड़ी नहर की पटरी पर सुनसान जगह देखकर पास में पड़े यूकेलिप्टस के मजबूत डंडे से अलमास के सिर पर वार किया गया। बेहोश होने के बाद उसे घसीटकर नीचे ले जाया गया और चेहरे व सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी गई।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा, मृतक का बैंगनी रंग का मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। तीनों अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

