लखनऊ 31 दिसंबर (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि प्रदेश में गुण्डई और अराजकता अपने चरम पर पहुंच चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपाई गुण्डे आम जनता और पर्यटकों को प्रताडि़त व अपमानित कर रहे हैं और सरकार ने गुण्डों तथा माफियाओं को खुली छूट दे रखी है। सत्ता का संरक्षण मिलने के कारण ये तत्व कानून व्यवस्था और पुलिस पर भारी पड़ रहे हैं, जिससे पूरे देश और दुनिया में उत्तर प्रदेश की छवि को नुकसान पहुंच रहा है।अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में गुण्डे और अराजक तत्व बेखौफ होकर घूम रहे हैं। कहीं हथियार बांटे जा रहे हैं, कहीं पर्यटकों के साथ मारपीट हो रही है तो कहीं बहन-बेटियों को प्रताडि़त और परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं यह दर्शाती हैं कि प्रदेश में कानून का शासन केवल कागजों तक सीमित रह गया है।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पुलिस प्रशासन का इकबाल पूरी तरह खत्म हो चुका है और कानून व्यवस्था का खुलेआम मजाक उड़ाया जा रहा है। मुख्यमंत्री और सरकार अराजक तत्वों की हरकतों पर चुप्पी साधे हुए हैं। सरकार का जीरो टॉलरेंस का दावा पूरी तरह खोखला साबित हो चुका है। भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को बर्बादी की ओर धकेल दिया है और इस शासन में कोई भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है।अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार महिलाओं और बेटियों को सुरक्षा देने में पूरी तरह विफल रही है। प्रदेश में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार आंख मूंदे बैठी है। उन्होंने सवाल उठाया कि लोगों के घरों तक हिंसक विचार और हिंसक हथियार पहुंचाने वाले, देश की एकता और सामाजिक सौहार्द के दुश्मनों के खिलाफ आखिर कौन संज्ञान लेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

