लखनऊ 31 दिसंबर (आरएनएस )। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। दक्षिणी जोन के नगराम थाना क्षेत्र में एनटीएफ टीम और नगराम पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मारफीन और स्मैक तस्करी में संलिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से कुल 990 ग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया है।पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 31 दिसंबर 2025 को की गई। सूचना के आधार पर एनटीएफ टीम ने नगराम पुलिस के सहयोग से थाना क्षेत्र के घोड़सारा पुलिया, बड़ी नहर के पास घेराबंदी कर दो अभियुक्तों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में मारफीन और स्मैक बरामद हुई। इस संबंध में नगराम थाने पर मुकदमा संख्या 260/2025 धारा 8, 21, 29 और 60 एनडीपीएस एक्ट के तहत पंजीकृत कर दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे रायबरेली और लखनऊ जनपद में चोरी-छिपे मारफीन और स्मैक की बिक्री कर अपना जीवनयापन करते थे। उन्होंने यह भी बताया कि वे इस मादक पदार्थ को बेचने के उद्देश्य से ही निकले थे, तभी पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ लिया। अभियुक्त अवैध रूप से मादक पदार्थों की तस्करी कर गुप्त तरीके से बिक्री के जरिए आर्थिक लाभ अर्जित करते थे।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कुलदीप सिंह निवासी दुसौती, थाना महाराजगंज, जनपद रायबरेली तथा अंकुश यादव निवासी पूरे बाबर खां, पोस्ट अमावा, थाना मिल एरिया, जनपद रायबरेली के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 990 ग्राम मारफीन-स्मैक के अलावा एक मोटरसाइकिल, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 250 रुपये नगद भी बरामद किए हैं।इस कार्रवाई में एनटीएफ टीम और थाना नगराम पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

