लखनऊ 31 दिसंबर (आरएनएस )। 31 दिसंबर 2025 को थाना पीजीआई के पुलिसकर्मियों ने समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया। कक्षा 9 की घायल छात्रा मानसी को ऐपेक्स ट्रामा सेंटर पीजीआई में तत्काल रक्त की आवश्यकता थी। इस पर प्रभारी निरीक्षक थाना पीजीआई धीरेन्द्र कुमार सिंह एवं आरक्षी शिवम ने बिना किसी विलंब के चिकित्सालय पहुँचकर 2 यूनिट रक्तदान किया। पुलिसकर्मियों के इस सेवाभाव ने न केवल छात्रा के उपचार में मदद की, बल्कि मित्र पुलिस की अवधारणा को भी साकार किया।घटना की प्रारंभिक विवेचना के अनुसार, यह दुर्घटना मोटरसाइकिल के अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के कारण हुई प्रतीत होती है। घटना की जांच के दौरान मोटरसाइकिल के पीछे से आ रहे वैगनआर कार चालक, घायल छात्रा को अस्पताल में ले जाने वाले व्यक्ति, घटनास्थल पर मौजूद अन्य लोगों और सीसीटीवी फुटेज से जानकारी जुटाई गई। इसके अलावा घटनास्थल का निरीक्षण और मोटरसाइकिल का तकनीकी मुआयना भी किया गया।इन सभी तथ्यों के आधार पर प्रारंभिक निष्कर्ष निकाला गया कि दुर्घटना घुमावदार मोड़ पर मोटरसाइकिल के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के कारण हुई। पुलिस ने बताया कि साक्ष्य संकलन की कार्रवाई अभी प्रचलित है और उसके आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना ने न केवल सड़क सुरक्षा की जरूरत को रेखांकित किया, बल्कि पुलिस के संवेदनशील और तत्पर रवैये को भी उजागर किया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

