-घाघरा नदी से मिला लापता युवक का शव, गांव में पसरा मातम
सोहावल-अयोध्या 31 दिसंबर (आरएनएस )। खंडासा थाना क्षेत्र के खानपुर गांव निवासी लापता युवक शुभम रावत का शव कई दिनों की लगातार तलाश के बाद एसडीआरएफ की टीम ने घाघरा नदी से बरामद कर लिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार शुभम रावत (पुत्र आशा राम) बीते 26 दिसंबर को अपने घर से दो अन्य युवकों के साथ निकला था।लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की। लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो रौनाही थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। रिपोर्ट में दो युवकों के साथ निकलने की बात दर्ज होने पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो दोनों युवकों ने शुभम के नदी में डूब जाने की बात बताई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम को सर्च आपरेशन में लगाया। बीते कई दिनों से एसडीआरएफ की टीम घाघरा नदी में नावों, गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से सघन तलाशी अभियान चला रही थी। एसडीआरएफ टीम प्रभारी अंकित यादव के नेतृत्व में चल रहे अभियान के दौरान आखिरकार युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया। शव मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया जा रहा है कि शुभम की शादी फरवरी माह में तय थी। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थी। वहां अब मातम पसरा हुआ है।इस दर्दनाक घटना ने न सिर्फ एक परिवार का सहारा छीन लिया। बल्कि दो परिवारों के बीच बनने वाला रिश्ता भी हमेशा के लिए टूट गया। बहनें विलाप कर रही हैं। और परिजन बार-बार यही कह रहे हैं कि ईश्वर ने यह क्या अनहोनी कर दी। रौनाही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रौनाही थाना प्रभारी लालचंद सरोज ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

