भोपाल 31 दिसंबर (आरएनएस)। कोलार पुलिस ने एक अजीबोगरीब चोर को पकड़ा है। आरोपी महिलाओं के अंडरगारमेंट्स चोरी करता, फिर खुद पहनकर घूमता था। मंगलवार रात वह अमरनाथ कॉलोनी में रहने वाले एक डेरी संचालक के घर घुसा और बालकनी से महिलाओं के अंडरगारमेंट्स चुरा लिए।
डेरी संचालक के मुताबिक, रात बालकनी में परछाई दिखी। गेट खोलकर ललकारने पर आरोपी अंडरगारमेंट्स लेकर भाग गया, लेकिन भागते समय उसका श्रमिक कार्ड घर में गिर गया, जिस पर नाम दीपेश लिखा था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने बुधवार दोपहर आरोपी को उसके घर से पकड़ लिया। पुलिस की दबिश के दौरान आरोपी सो रहा था और चोरी किए गए अंडरगारमेंट्स उसने पहन रखे थे। इसका वीडियो भी सामने आया है।
पीडि़त ने बताया कि आरोपी ने इससे पहले मंदाकिनी कॉलोनी के एक अन्य घर में भी चोरी की थी। भागते समय वहां से चुराए गए अंडरगारमेंट्स उनके घर में छूट गए, जिन्हें पुलिस को सौंप दिया गया है।
कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में यह किसी गंभीर मानसिक विकृति का मामला लग रहा है। पुलिस अब यह रिकॉर्ड खंगाल रही है कि क्या आरोपी ने पहले भी क्षेत्र में इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है।

