विकासनगर 5 जनवरी (आरएनएस)। नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत लगभग 19 बीघा भूमि को कब्जा मुक्त कराने की मांग को लेकर व्यापार मंडल एवं स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन और क्षेत्रीय विधायक से अपील की है। सोमवार को व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने नगर पालिका अध्यक्ष एवं विधायक को ज्ञापन सौंपा। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने बताया कि नगर क्षेत्र में सेंट जेम्स चर्च के नाम 116 बीघा भूमि दर्ज है, लेकिन इसी भूमि की आड़ में नगर पालिका की लगभग 19 बीघा जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों से इस भूमि पर कब्जा बना हुआ है, जबकि इसे कब्जा मुक्त कराने के लिए अब तक कोई ठोस प्रयास नहीं किए गए। पदाधिकारियों ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में भूमि की कमी के कारण पार्किंग की गंभीर समस्या बनी हुई है। इसके अलावा नगर क्षेत्र में कोई सार्वजनिक पार्क भी उपलब्ध नहीं है। यदि पालिका की 19 बीघा भूमि को कब्जा मुक्त कराया जाए, तो इसका उपयोग जनहित की विभिन्न योजनाओं के लिए किया जा सकता है। व्यापार मंडल ने सुझाव दिया कि इस भूमि पर सार्वजनिक पार्किंग, पार्क, व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स, पुस्तकालय, अस्पताल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का निर्माण किया जा सकता है, जिससे नगरवासियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। साथ ही सेंट जेम्स चर्च की भूमि का सीमांकन कराए जाने और नगर पालिका की जमीन को कब्जा मुक्त कराने की मांग भी उठाई गई। ज्ञापन सौंपने वालों में व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हिमकर गुप्ता, कोषाध्यक्ष रोहित गुप्ता, भाजपा मंडल अध्यक्ष शुभम गर्ग और केआर नौटियाल शामिल रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

