विकासनगर 5 जनवरी (आरएनएस)। अंकिता हत्याकांड को लेकर सोमवार को भी पछुवादून में राजनीति गरमाई रही। भाजपा ने कांग्रेस पर मृतक की आत्मा को बदनाम करने का आरोप लगाते हुए कालसी से लेकर सेलाकुई तक प्रदर्शन कर पुतला दहन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रदेश की बेटी की मौत पर राजनैतिक रोटियां सेंकने का काम कर रही है। विकासनगर में शहर मंडल कार्यकर्ताओं ने डाकपत्थर तिराहे पर कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। मंडल अध्यक्ष शुभम गर्ग ने कहा कि कांग्रेस इस पूरे मामले पर झूठे और बेबुनियाद आरोप लगाकर जनता को भ्रमित कर रही है। अगले विधान सभा चुनाव में कांग्रेस को अभी से अपनी हार दिखाई दे रही है, लिहाजा जनता का ध्यान भटकाने के लिए प्रदेश की बेटी पर ही घटिया राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा और भाजपा नेताओं पर आरोप लगाने वाले कांग्रेसी सबूत मांगने पर बगलें झांकने लग जाते हैं। कहा कि कांग्रेस के नेताओं को भाजपा सरकार की लोकप्रियता खुद के लिए अभिशाप दिखाई दे रही है, जिसके चलते जनता के बीच में अनर्गल बयानबाजी कर देवभूमि की संस्कृति को दूषित करने का काम किया जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

