विकासनगर 5 जनवरी (आरएनएस)। हरबर्टपुर के चारों मार्गों पर सोमवार को सुबह से शाम तक जाम लगता रहा। इस कारण वाहन सवारों के अलावा पैदल चलने वाले लोगों को भारी दिक्कत झेलनी पड़ी। हरबर्टपुर चौक पर ट्रैफिक लाइट और ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था नहीं होने से भी जाम लग रहा है। हरबर्टपुर के प्रमुख मार्गों पर लगने वाले जाम से लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। रोज लगने वाला जाम लोगों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। बावजूद जिम्मेदार इस समस्या से निजात दिलाने के लिए कोई समाधान नहीं निकाल पा रहे हैं। चार राज्यों को मिलाने वाला हरबर्टपुर कस्बा तीन औद्योगिक नगरों का भी मिलन स्थल है। लिहाजा यहां हर रोज यातायात का भारी दबाव रहता है। यहां से देहरादून, दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश आदि राज्यों के वाहन गुजरते हैं। इसके अलावा देहरादून से लेकर उत्तरकाशी के बड़कोट, जौनसार बावर, टिहरी के नैनबाग और यमुनोत्री तक के वाहनों की आवाजाही इसी चौक से होती है। जबकि सेलाकुई, सहारनपुर, पांवटा साहिब के औद्योगिक क्षेत्रों के लिए भारी मालवाहक वाहनों का आवागमन भी हरबर्टपुर कस्बे से ही होता है। सोमवार को सुबह दस बजे से जाम लगना शुरू हुआ और देर शाम तक समस्या बनी रही। स्थानीय निवासी एवं राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद की पूर्व सदस्य उर्मिला शर्मा, जनार्दन जोशी, मुकेश, अतुल शर्मा ने बताया कि सुबह दस बजे विकासनगर रोड से चौक तक जाम लगना शुरू हुआ। इसके बाद पांवटा रोड, देहरादून रोड और सहारनपुर रोड पर भी जाम लग गया। इस दौरान पुलिस कहीं भी दिखाई नहीं दी। स्थानीय व्यापारी ही जाम खुलवाते नजर आए। एक रोड पर यातायात सुचारु होता तो दूसरी रोड पर जाम लग जाता। बताया कि यह स्थिति शाम सात बजे तक बनी रही। हरबर्टपुर बाजार के आधा किमी के दायरे को पार करने में वाहनों को एक घंटे से अधिक का समय लगता रहा। जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए हरबर्टपुर चौक पर ट्रैफिक लाइट और ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था की जानी जरूरी है। लोगों ने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा यहां से गुजरने वाले हजारों यात्रियों को भुगतना पड़ता है। उधर, शहर कोतवाल विनोद गुसाईं का कहना है कि हरबर्टपुर को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए स्थानीय व्यापारियों और वाहन संचालक यूनियनों के साथ मिलकर कोई स्थायी हल निकाला जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

