विकासनगर 5 जनवरी (आरएनएस)। मुख्य चिकित्साधिकारी ने सोमवार को पछुवादून के अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सीएचसी सहसपुर में जल्द ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती और उप जिला अस्पताल में लेप्रोस्कोपिक ऑप्रेशन की सुविधा मुहैया कराने का आश्वासन दिया। एसडीएच में चल रहे निर्माण कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जाहिर करते हुए निर्माणदायी संस्था को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा सोमवार सुबह ठीक नौ बजे एसडीएच विकासनगर में अचानक औचक निरीक्षण को पहुंचे। तब तक अस्पताल के ओपीडी काउंटर पर मरीजों की लंबी लाइन लग चुकी थी। महिला और पुरुष दोनों के लिए एक ही काउंटर होने पर सीएमओ ने अलग-अलग काउंटर लगाने के निर्देश दिए। अस्पताल हो रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को संतोषजनक बताया लेकिन कार्य की धीमी गति को लेकर उन्होंने निर्माणदाई संस्था पर नाराजगी जाहिर की। ओपीडी की व्यवस्था जांचने और मरीजों से संवाद करने के बाद इंडोर वार्ड की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वार्ड में भर्ती मरीजों से अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद एसडीएच परिसर में बनी आवासीय कालोनी का निरीक्षण भी किया। सीएमओ डॉ. शर्मा ने कहा कि अस्पताल में जल्द ही लेप्रोस्कोपिक सर्जरी की सुविधा शुरु कर दी जाएगी। इसके लिए उपकरणो की खरीद की जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने सीएचसी सहसपुर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती और प्रत्येक पीएचसी को पर्याप्त संसाधन मुहैया कराने की बात कही। इस दौरान सीएमएस डॉ. प्रदीप चौहान, डॉ. नरेंद्र चौहान, डॉ. टीएस डुंगरियाल, डॉ. पल्लवी कठैत, डॉ. मंजू राणा आदि मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

