हल्द्वानी 5 जनवरी (आरएनएस)। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। सोमवार को कांग्रेस महिला ने जहां पीलीकोठी से मुखानी चौराहे तक शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला, वहीं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी काठगोदाम के नेतृत्व में देवलढूंगा में मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कांग्रेस महिला की प्रदेश सचिव और पार्षद नीमा भट्ट के नेतृत्व में एकजुट हुईं महिलाओं ने पीलीकोठी से मुखानी तक कैंडल मार्च निकालकर अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई। इस मौके पर जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, मधु सांगुड़ी, डॉ. केदार पलडिय़ा, भोला भट्ट, रेनू तोमर, हेमा पांडे आदि मौजूद रहे। वहीं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी काठगोदाम के नेतृत्व में दोषियों को कठोरतम सजा देने की मांग की गई। इस अवसर पर हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि घटना को इतना समय बीत जाने के बावजूद मामले से जुड़े वीआईपी का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक बेटी के साथ हुए अन्याय का मामला नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर भी गंभीर प्रश्न है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मोहन बिष्ट ने कहा कि इस मामले में लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ी जाएगी और कार्यकर्ता किसी भी स्तर पर पीछे नहीं हटेंगे। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम आगे भी ब्लॉक स्तर पर निरंतर आयोजित किए जाएंगे, ताकि जनदबाव बनाकर दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों, महिला कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

