रायपुर, 06 जनवरी 2026(आरएनएस) रायपुर जिले के थाना खरोरा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 4.256 किलोग्राम गांजा, एक बिना नंबर की जूपिटर मोटरसाइकिल सहित कुल 1 लाख 65 हजार 120 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद उमेद सिंह के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक (विधानसभा) वीरेन्द्र चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी खरोरा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस को 05 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम तुलसी (डहरिया) निवासी राकेश सिंह ठाकुर, उड़ीसा के गांजा तस्कर के साथ बिना नंबर की जूपिटर मोटरसाइकिल से कोसरंगी रोड होते हुए घिवरा पुलिया की ओर गांजा लेकर आ रहा है। सूचना के आधार पर खरोरा पुलिस ने ग्राम घिवरा नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।
तलाशी में मिला गांजा
वाहन चालक ने अपना नाम राकेश सिंह ठाकुर (38 वर्ष) निवासी तुलसी (डहरिया), थाना खरोरा, जिला रायपुर बताया, जबकि पीछे बैठे युवक ने अपना नाम पिंटू सतनामी (21 वर्ष) निवासी भलेसर भूतकायरा, थाना बेलटुकरी, जिला नुवापाड़ा (उड़ीसा) बताया।
तलाशी के दौरान राकेश सिंह की मोटरसाइकिल की डिक्की से तथा पिंटू सतनामी के हाथ में रखे प्लास्टिक झोले से खाकी टेप में लिपटे गांजे के पैकेट बरामद किए गए।
बरामदगी का विवरण
- राकेश सिंह के कब्जे से: 2.127 किलोग्राम गांजा
- पिंटू सतनामी के कब्जे से: 2.129 किलोग्राम गांजा
- कुल गांजा: 4.256 किलोग्राम
- अनुमानित कीमत: ₹85,120
- जूपिटर मोटरसाइकिल (बिना नंबर): ₹80,000
- कुल जब्ती मूल्य: ₹1,65,120
आरोपियों के खिलाफ अप.क्र. 14/26, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को दी गई तथा दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

