अमरनाथ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं की मेटाडोर खड़े ट्रक से टकराई, 3 की मौत, कई घायल
बठिंडा 01 jully (Rns)/- : पंजाब के बठिंडा-डबवाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें अमरनाथ यात्रा पर जा रहे तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई. इस दर्दनाक हादसे में गाड़ी के परखव्चे उड़ गए हैं और कई लोग बुरी तरह से घायल हुए हैं.यह हादसा गांव जोधपुर रोमाणा के पास हुआ है. जहां श्रद्धालुओं से भरी एक मेटाडोर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा कर टकरा गया.
मेटाडोर की रफ्तार अच्छी तेज थी, ट्रक से गाड़ी टकराई तो मेटाडोर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. उसमें सवार कई यात्री गाड़ी में ही फंस गए. मेटाडोर में करीब 12 श्रद्धालु सवार थे, जो राजस्थान के बाड़मेर से पवित्र अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुए थे. बुधवार सुबह करीब चार से पांच बजे के बीच हुए इस हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे की सूचना मिलते ही थाना संगत पुलिस, समाजसेवी संस्था सहारा जन सेवा की टीमें और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए. राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और तत्काल बठिंडा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया. गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए एम्स बठिंडा रेफर किया गया है.

