लखनऊ 6 जनवरी (आरएनएस )। महिलाओं के सशक्तिकरण और ग्राम पंचायतों में उनकी वास्तविक एवं सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश के पंचायती राज विभाग ने महिलाओं के सशक्तिकरण पर आधारित विशेष कैलेंडर जारी किया है। यह कैलेंडर केवल तिथियों का संकलन नहीं है, बल्कि पंचायतों में महिलाओं की भूमिका को मजबूत करने और उन्हें निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय योगदान देने के लिए एक प्रभावी माध्यम के रूप में तैयार किया गया है।
कैलेंडर के माध्यम से यह संदेश दिया गया है कि ग्राम पंचायतों में महिलाएं केवल नाममात्र की प्रधान या प्रतिनिधि न बनें, बल्कि विकास कार्यों और निर्णय प्रक्रिया में उनकी सार्थक भागीदारी सुनिश्चित हो। इस पहल से महिलाओं को नेतृत्व की भूमिका निभाने, अपनी बात मजबूती से रखने और पंचायत संचालन में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाएगा।यह कैलेंडर ग्राम पंचायतों, पंचायत भवनों और विभागीय कार्यालयों में प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों में महिलाओं की सहभागिता को लेकर सकारात्मक सोच विकसित हो सके।माननीय पंचायती राज मंत्री श्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि नारी शक्ति की नई उड़ान, गांव बदल रही महिला प्रधान केवल एक पहल नहीं, बल्कि मजबूत लोकतंत्र की नींव है। जब पंचायतों में महिलाएं सशक्त होंगी और निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाएंगी, तभी गांवों का समग्र विकास संभव होगा। उन्होंने कहा कि यह कैलेंडर महिला हितैषी सोच को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा। अमित कुमार सिंह, निदेशक पंचायती राज विभाग ने कहा कि यह कैलेंडर ग्राम पंचायतों के लिए एक प्रेरक और मार्गदर्शक दस्तावेज है, जो महिला हितैषी सोच को व्यवहार में उतारने में सहायक होगा। इसके माध्यम से पंचायतों को महिलाओं के सम्मान, सहभागिता और सशक्त भूमिका सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर प्रेरणा मिलेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

