सुल्तानपुर 6 जनवरी (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश के भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग की सचिव एवं निदेशक माला श्रीवास्तव ने जनपद सुल्तानपुर में तैनात खान निरीक्षक पंकज कुमार को उनके पदीय कर्तव्यों में घोर लापरवाही और अवैध खनन व अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण न रखने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर मुख्यालय लखनऊ में स्थानांतरित कर दिया। यह कार्रवाई सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ “जीरो टोलरेन्स” नीति के अनुरूप की गई है। माला श्रीवास्तव ने बताया कि अवैध खनन और अवैध परिवहन पर सख्त अंकुश लगाने के स्पष्ट निर्देश विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी उप-खनिजों के अवैध खनन या परिवहन में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कड़ी और तत्काल कार्रवाई की जाएगी।यह कदम राज्य सरकार की भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन एवं अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

