जौनपुर 7 जनवरी (आरएनएस ) । जफराबाद थाना क्षेत्र के माधोपट्टी गांव में बुधवार दोपहर शराब पीने को लेकर हुए विवाद में एक अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।बताते है कि 44 वर्षीय गुरु प्रसाद पुत्र मेवालाल अपने साथी ओमकार सिंह के साथ गांव में शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि ओमकार सिंह ने गुरु प्रसाद के सीने और पैर पर किसी कठोर वस्तु से हमला किया, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। परिजनों को सूचना मिलने पर वे एम्बुलेंस की सहायता से गुरु प्रसाद को जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।त्रअपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव के अनुसार पुलिस को 112 नंबर पर सूचना मिली थी कि माधोपट्टी ग्राम कांतापुर में गुरुप्रसाद यादव और ओमकार सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह शराब के नशे में झगड़ रहे हैं। सूचना मिलते ही जफराबाद थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल गुरुप्रसाद यादव को 108 एम्बुलेंस की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने आरोपी ओमकार सिंह को हिरासत में ले लिया है। मृतक के शव को मॉर्चरी में रखवा दिया गया है और नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

