लखनऊ 7 जनवरी (आरएनएस )। राजधानी के विकल्प खंड-02 क्षेत्र में स्थित बर्धिया रेस्टोरेंट में कार्यरत एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना आज 07 जनवरी, 2026 की सुबह पुलिस को प्राप्त हुई, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान शिवम सिंह उम्र लगभग 27 वर्ष पुत्र करुणेश सिंह, निवासी दुलार नगर, चमन भरवा, जनपद हरदोई के रूप में हुई है। बताया गया कि शिवम सिंह दीपावली के समय से उक्त रेस्टोरेंट में कार्यरत था और वहीं अन्य कर्मचारियों के साथ रह रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने रात्रि के समय रेस्टोरेंट के बाथरूम में बेडशीट के सहारे फांसी लगा ली।सूचना पर उपनिरीक्षक विकास तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए मौके की वीडियोग्राफी कराई गई तथा फॉरेंसिक टीम को भी सूचित किया गया। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए लोहिया अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया।रेस्टोरेंट में मृतक के साथ रहने वाले अर्जुन यादव निवासी सीतापुर और अभिनव यादव निवासी बीकेटी, लखनऊ से पुलिस ने पूछताछ की। दोनों ने बताया कि सुबह जब बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद मिला तो काफी देर तक आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया, जहां शिवम सिंह को फांसी के फंदे से लटका हुआ पाया गया। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

