लखनऊ 7 जनवरी (आरएनएस )। थाना नगराम क्षेत्र के ग्राम कुबेहरा में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के गोमती क्षेत्र स्थित एक सरसों के खेत में कंकाल पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। आज दिनांक 07 जनवरी, 2025 को सुबह करीब 10 बजे ग्राम कुबेहरा निवासी चंद्रप्रकाश द्वारा दी गई सूचना पर थाना नगराम पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।मौके पर पाया गया कंकाल क्षत-विक्षत अवस्था में था, जिससे प्रथम दृष्टया उसकी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही थी। हालांकि घटनास्थल के पास पड़ी एक साड़ी के आधार पर यह आशंका जताई जा रही है कि कंकाल किसी महिला का हो सकता है। बरामद साड़ी की पहचान पीताम्बर की पत्नी पूनम उम्र लगभग 30 वर्ष के रूप में की जा रही है। घटनास्थल पूनम के घर से मात्र करीब 300 मीटर की दूरी पर स्थित बताया जा रहा है।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दिनांक 13 दिसंबर, 2025 को थाना नगराम पर पूनम के पति पीताम्बर द्वारा उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। गुमशुदगी की जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया था कि पूनम के दो बच्चे हैं और वह पड़ोस के ही एक व्यक्ति से बातचीत किया करती थी। बताया गया कि गुमशुदा होने से करीब दो माह पूर्व पति द्वारा उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया था, जिससे वह मानसिक रूप से क्षुब्ध थी और इसके बाद कहीं चली गई थी।गुमशुदगी के प्रकरण में पुलिस द्वारा कॉल डिटेल के आधार पर गांव के एक व्यक्ति सहित अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ की गई थी। अब सरसों के खेत से कंकाल मिलने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। मृतका के परिजनों ने पूनम की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए उसके पति पर आरोप लगाया है।पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मृत्यु के कारणों की पुष्टि की जा सके। थाना नगराम पुलिस का कहना है कि प्रकरण की हर पहलू से गंभीरता और निष्पक्षता के साथ जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

