लखनऊ 7 जनवरी (आरएनएस )। थाना पारा क्षेत्र में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय से एक महिला की जान बच गई। दिनांक 07 जनवरी 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे थाना पारा के कंट्रोल रूम को सूचना प्राप्त हुई कि हंसखेड़ा निवासी दीपा मिश्रा उम्र लगभग 35 वर्ष, पत्नी प्रकाश मिश्रा, 19 मंजिला कॉलोनी के सामने सड़क किनारे पारिवारिक विवाद के चलते कोई जहरीला पदार्थ खा लिया है।सूचना मिलते ही उप निरीक्षक मुन्नालाल हमराह उप निरीक्षक हर्ष यादव के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर दीपा मिश्रा गंभीर हालत में जमीन पर पड़ी मिलीं, जिनके मुंह से झाग निकल रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उप निरीक्षक मुन्नालाल ने बिना समय गंवाए महिला आरक्षी बीतू रानी की सहायता से उन्हें अपने निजी वाहन से निकटतम लोकबंधु अस्पताल ले जाने का निर्णय लियाअस्पताल ले जाते समय अवध चौराहे पर संभावित यातायात बाधा को ध्यान में रखते हुए तत्काल ट्रैफिक कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय थानों के सहयोग से रास्ता तुरंत साफ कराया गया, जिससे महिला को बिना किसी देरी के अस्पताल पहुंचाया जा सका। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।लोकबंधु अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा त्वरित उपचार किए जाने के बाद दीपा मिश्रा की हालत में सुधार हुआ और उन्हें खतरे से बाहर बताया गया। समय रहते उपचार मिलने से एक बड़ी अनहोनी टल गई।यह पूरा घटनाक्रम पुलिस टीम की तत्परता, जिम्मेदारी, सूझबूझ और अंतर-विभागीय समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है। उप निरीक्षक मुन्नालाल, महिला आरक्षी बीतू रानी सहित ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस इकाइयों की त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की जा रही है, जिनके प्रयासों से एक महिला की जान बच सकी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

