सिरौलीगौसपुर बाराबंकी 7 जनवरी (आरएनएस)। कड़ाके की ठंड में गौशालाओं में पलने वाले जानवरों की स्थिति का जायजा लेने के लिए खंड विकास अधिकारी ने गौशालाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पशु-चिकित्साधिकारी भी मौजूद रहे। बुधवार को ग्राम पंचायत श्यामनगर स्थित गौशाला का खंड विकास अधिकारी संजीव कुमार गुप्ता ने निरीक्षण किया। इस दौरान पशु चिकित्सा अधिकारी विकास सिंह, प्रधान प्रतिनिधि कुशमेश कुमार और सचिव तेजभान भी उपस्थित रहे।निरीक्षण के समय गौवंश आश्रय स्थल पर कुल 215 गोवंश पाए गए। खंड विकास अधिकारी संजीव कुमार गुप्ता और पशु चिकित्सा अधिकारी विकास सिंह ने सभी गोवंशों को गुड़ खिलाया।खंड विकास अधिकारी ने गौशाला के केयरटेकरों से बातचीत की और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अत्यधिक ठंड को देखते हुए जानवरों को समय पर चारा दिया जाए और उन्हें टिन शेड के नीचे रखा जाए।उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि टिन शेड के चारों ओर तिरपाल बांधा जाए और यदि जानवर खुले में हों तो उनके लिए अलाव जलाया जाए, ताकि उन्हें ठंड न लगे। इसके साथ ही उन्होंने गौशाला में साफ़ सफाई का उचित प्रबंध करने एवं बीमार पशुओं का समय पर इलाज करने का भी निर्देश दिया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

