सिद्धौर, बाराबंकी 7 जनवरी (आरएनएस)। थाना कोठी पुलिस ने महिला सुरक्षा को लेकर बुधवार को क्षेत्र के बांदीपुर गांव में ग्राम चौपाल का आयोजन किया। कोठी इंस्पेक्टर अमित सिंह भदौरिया के नेतृत्व में हुई इस चौपाल में महिलाओं को साइबर क्राइम, यातायात नियमों और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान शस्त्र लाइसेंस धारकों, हिस्ट्रीशीटरों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों का सत्यापन भी किया गया। पुलिस टीम ने महिलाओं व बालिकाओं को एंटी रोमियो अभियान, साइबर क्राइम, यातायात नियमों, बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट और घरेलू हिंसा जैसे विषयों पर भी जागरूक किया गया। बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में बताया गया। उनको बताया कि पुलिस या बैंक कभी भी फोन पर निजी जानकारी, ओटीपी आदि नहीं मांगते हैं। उन्होंने लोगों से प्रलोभन भरे संदेशों और घर बैठे पैसे कमाने वाले विज्ञापनों को नजरअंदाज करने की अपील की। ऐसे फोन कॉल या संदेश मिलने पर पुलिस को सूचित करने की सलाह दी गई। चौपाल समापन पर एसएसआई शिवसागर तिवारी ने कोठी थाने के सीयूजी नंबर के साथ-साथ कई आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इनमें पुलिस आपातकालीन सेवा (112), वूमेन पावर हेल्पलाइन (1090), मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (1076), एंबुलेंस सेवा (108), साइबर अपराध हेल्पलाइन (1930), चाइल्ड हेल्पलाइन (1098), महिला हेल्पलाइन (181) और स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन (102) शामिल थे। अंत में इंस्पेक्टर कोठी अमित सिंह भदौरिया ने कड़ाके की ठंड में टोपी और जैकेट पहने हुए चौपाल में शामिल लोगों का आभार भी व्यक्त किया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

