– वर्टिकल सिस्टम लागू, 4 हेल्पडेस्क होंगे सक्रिय
अयोध्या 8 जनवरी (आरएनएस)। अयोध्या के शहरी क्षेत्र में बिजली उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड द्वारा नई वर्टिकल व्यवस्था लागू की जा रही है। यह जानकारी योगेश कुमार, निदेशक (वाणिज्य) मध्यांचल विद्युत वितरण निगम ने मीडिया को दी। निदेशक का अयोध्या पहुंचने पर अधीक्षक अभियन्ता विनय कुमार ने बुके देकर स्वागत किया। योगेश कुमार ने बताया कि अयोध्या शहर में जेई टीजी-2 स्तर पर वर्टिकल सिस्टम लागू किया जाएगा, जिससे कार्यों का स्पष्ट विभाजन होगा और शिकायतों का निस्तारण तेजी से किया जा सकेगा। इस व्यवस्था के तहत शहर में चार हेल्पडेस्क स्थापित किए जाएंगे, जो कौशलपुरी, राम की पैड़ी, अमानीगंज और लालबाग क्षेत्रों में संचालित होंगे।उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों के लिए फास्ट ट्रैकिंग सिस्टम लागू किया जाएगा। शिकायतें ऑटो रैंडम सिस्टम के जरिए अलग-अलग कर्मचारियों को आवंटित होंगी, जिससे काम का दबाव बराबर बंटेगा और जवाबदेही तय होगी। इसके साथ ही कर्मचारियों के कार्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियों में बांटा जाएगा।
निदेशक वाणिज्य ने यह भी बताया कि व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एसडीओ और जेई की संख्या बढ़ाई जाएगी तथा सभी बिजली घरों पर सरकारी कर्मचारियों की मौजूदगी अनिवार्य की जाएगी। इससे बिजली आपूर्ति और रखरखाव की निगरानी बेहतर हो सकेगी। इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर योगेश कुमार ने कहा कि आने वाले समय में कमर्शियल उपभोक्ताओं के लिए अलग व्यवस्था लागू की जाएगी और इसके लिए 33 केवी का अलग कार्यालय स्थापित किया जाएगा। इसी तरह तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर भी अलग-अलग व्यवस्थाएं होंगी।उन्होंने विश्वास जताया कि इन सुधारों से अयोध्या में बिजली व्यवस्था अधिक पारदर्शी, सुचारु और उपभोक्ता-हितैषी बनेगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

