जौनपुर,लखनऊ ,10 जनवरी (आरएनएस)। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री तथा जनपद जौनपुर के प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने पुलिस लाइन सभागार में जिला समन्वय समिति की बैठक कर जनपद में संचालित विभिन्न विकासपरक योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक का उद्देश्य शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारना और आम जनता को समयबद्ध तथा गुणवत्तापूर्ण लाभ सुनिश्चित कराना रहा।बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित सभी विकास योजनाएं आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए हैं, ऐसे में इनके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराएं और यह सुनिश्चित करें कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पहुंचे।ठंड और शीतलहर के दृष्टिगत प्रभारी मंत्री ने रैन बसेरों की व्यवस्थाओं की विशेष रूप से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद के सभी रैन बसेरों में साफ-सफाई, पर्याप्त कंबल, प्रकाश, पेयजल, शौचालय सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि खुले में कोई भी व्यक्ति न सोए, इसके लिए नगर निकायों, पुलिस और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर निरंतर अभियान चलाया जाए। साथ ही सभी नगर निकाय क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में अलाव जलाने के भी निर्देश दिए।प्रभारी मंत्री ने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए तथा शासन को भेजे जाने वाले प्रस्ताव गुणवत्तापूर्ण हों। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से फील्ड में जाकर कार्यों की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करें और जनता से सीधे संवाद स्थापित कर समस्याओं को समझें तथा उनका समाधान करें।बैठक के अंत में ए.के. शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी अधिकारी और कर्मचारी टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जनपद के विकास को नई गति देंगे और शासन की योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू करेंगे।बैठक में राज्य सभा सदस्य सीमा द्विवेदी, खेल राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव, विधायक शाहगंज रमेश सिंह, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंसू, जिलाधिकारी दिनेश चंद्र, पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ सहित अन्य संबंधित अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

