लखनऊ,10 जनवरी (आरएनएस)। थाना तालकटोरा क्षेत्र के आलमनगर स्टेशन के पास रेलवे जलालपुर फाटक (डाउन लाइन) पर आज 10 जनवरी 2026 को एक पुरुष एवं एक महिला द्वारा ट्रेन से कटकर आत्महत्या किए जाने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना प्राप्त होते ही थाना तालकटोरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रारंभ की गई। फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन किया गया।मौके से प्राप्त आधार कार्ड के आधार पर प्रथमदृष्टया मृतकों की पहचान दीपाली (उम्र लगभग 25 वर्ष), निवासी अर्जुनगंज, लखनऊ तथा सूर्यकान्त (उम्र लगभग 40 वर्ष), निवासी निशातगंज, लखनऊ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है तथा अन्य विधिक औपचारिकताएं पूर्ण की जा रही हैं।थाना सुशांत गोल्फ सिटी से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका दीपाली की गुमशुदगी दो दिन पूर्व दर्ज कराई गई थी। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि दोनों मृतक थाना कैंट क्षेत्र के सदर स्थित एक निजी कार्यालय में एक साथ कार्यरत थे। जांच के दौरान यह भी ज्ञात हुआ है कि सूर्यकान्त पूर्व से विवाहित था, जबकि दीपाली अविवाहित थी।घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आत्महत्या के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

