लखनऊ,10 जनवरी (आरएनएस)। शहर में सार्वजनिक शांति, कानून-व्यवस्था और सामाजिक अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन और हुड़दंगई के खिलाफ विशेष एवं सख़्त अभियान चलाया। यह अभियान 9 जनवरी 2026 की शाम 8 बजे से रात 10 बजे तक सभी जोनों और थानों में एक साथ संचालित किया गया। अभियान के दौरान बाजारों, प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थानों, दुकानों के आसपास और सड़कों के किनारे व्यापक चेकिंग की गई।पुलिस कमिश्नरेट के निर्देश पर संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) के पर्यवेक्षण में सभी जोनों के पुलिस उपायुक्तों के नेतृत्व में एसीपी और थाना प्रभारियों की टीमों ने अभियान को अंजाम दिया। इस दौरान शहर के कुल 195 स्थानों पर चेकिंग की गई और 3657 व्यक्तियों की जांच की गई। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते पाए जाने पर 1171 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 34 के अंतर्गत विधिक कार्रवाई करते हुए चालान किए गए, जबकि यातायात नियमों के उल्लंघन पर 89 वाहनों का भी चालान किया गया। इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव और हुड़दंगई करने वाले 7 व्यक्तियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 270 के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई और संबंधित लोगों को भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की कड़ी चेतावनी दी गई।अभियान के दौरान दुकानों के बाहर बैठकर शराब पीने, दुकानों के पास खड़े होकर खुलेआम शराब सेवन करने, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने, निर्धारित समय के बाद खुली पाई गई दुकानों और ढाबों, तथा शराब के नशे में सड़क पर उत्पात, अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करने वालों के खिलाफ सख़्ती से कार्रवाई की गई। पुलिस टीमों ने सड़कों, पार्कों, बाजार क्षेत्रों, बस स्टैंड, चौराहों और अन्य भीड़-भाड़ वाले इलाकों में गहन चेकिंग कर अनुशासनहीन तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया।जोनवार कार्रवाई में उत्तरी जोन में 33 स्थानों पर चेकिंग कर 466 व्यक्तियों की जांच की गई, जिनमें 115 पर कार्रवाई हुई। दक्षिणी जोन में 52 स्थानों पर 800 व्यक्तियों की जांच में 311 पर चालान किया गया। पूर्वी जोन में 28 स्थानों पर 632 व्यक्तियों की जांच के दौरान 151 पर कार्रवाई हुई। पश्चिमी जोन में 48 स्थानों पर 1282 व्यक्तियों की जांच कर 433 पर चालान किया गया, जबकि मध्य जोन में 34 स्थानों पर 477 व्यक्तियों की जांच में 161 पर कार्रवाई की गई। कुल मिलाकर शहरभर में 195 स्थानों पर चेकिंग करते हुए 3657 व्यक्तियों की जांच की गई और 1171 के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई।लखनऊ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन कर सामाजिक माहौल को खराब न करें, अन्यथा सख़्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि शहर में कानून-व्यवस्था भंग करने वाले और सार्वजनिक अनुशासन को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

