देहरादून,15 जनवरी (आरएनएस)। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में 25 जनवरी को अस्मिता वूमेन एथलेटिक्स लीग का आयोजन जिला एथलेटिक्स संघ द्वारा किया जाएगा। खेलों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, कम उम्र में उनकी प्रतिभा को पहचानने के लिए खेलो इंडिया के तहत अस्मिता वूमेन एथलेक्टिक्स लीग पूरे देश में आयोजित की जा रही है। जिला एथलेटिक्स संघ सचिव केजेएस कलसी ने बताया कि दक्षिण एशियाई एथलेटिक्स फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. ललित भनोट, भारतीय एथलेटिक्स संघ व इंडियन मिनिस्ट्री आफ यूथ अफेयर्स एंड स्पोर्ट्स के संयुक्त प्रयासों से खेलो इंडिया के तहत ये एथलेटिक्स लीग हो रही है। जिला एथलेटिक संघ अध्यक्ष संदीप शर्मा ने बताया कि इस लीग में अंडर 14 व अंडर 16 आयु वर्ग की बालिकाएं प्रतिभाग कर सकेंगी। अंडर 14 आयु वर्ग में ट्रायथलान ए (60 मीटर, लॉन्ग जंप व हाई जंप), ट्रायथलान बी (60 मीटर, लॉन्ग जंप, 1 किलो शॉट पुट बैक थ्रो), ट्रायथलान सी (60 मीटर, लॉन्ग जंप, 600 मीटर) तथा किड्स जैवलिन के इवेंट, अंडर 16 आयु वर्ग में 60 मीटर, 600 मीटर, हाई जंप, लॉन्ग जंप, शॉट पुट, डिस्कस थ्रो व जैवलिन थ्रो के इवेंट होंगे। अंडर 14 आयु वर्ग में भाग लेने वाले एथलीट का जन्म 21-12- 2011 से 20- 12- 2013 के मध्य व अंडर 16 बालिकाओं के लिए 21- 12- 2009 से 20- 12- 2011 के मध्य होना चाहिए। सभी प्रतिभागी बालिकाएं अपने साथ डेट ऑफ बर्थ सर्टिफिकेट, आधार कार्ड व स्कूल आईडी कार्ड लेकर 24 जनवरी को शाम 3 से 5 बजे तक महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में अपना रजिस्ट्रेशन व बिब नंबर ले सकते हैं। 25 जनवरी को सुबह 9:30 बजे इवेंट शुरू होंगे। प्रतियोगिता में निर्णायकों की भूमिका, जिला एथलेटिक संघ देहरादून के प्रशिक्षित ऑफिशियल द्वारा निभाई जाएगी। प्रतियोगिता के लिए कोई भी रजिस्ट्रेशन फीस नहीं है तथा प्रतिभागी देहरादून जिले का होना चाहिए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

