देहरादून,15 जनवरी (आरएनएस)। श्री श्री जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति विष्णु विहार की 26वीं भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा धूमधाम से निकाली गई।उत्साही श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से रथ खींचा। गुरुवार को रथयात्रा का आयोजन नेहरु कॉलोनी-रिस्पना पुल क्षेत्र में धूमधाम किया गया। यात्रा नेहरु कॉलोनी गुरुद्वारे से फव्वारा चौक, नेहरु कॉलोनी की विभिन्न ब्लॉकों की सड़कों से होता हुआ धर्मपुर चौक, रिस्पना पुल होते हुए हरिद्वार बाईपास स्थित विष्णु विहार पहुंची। श्रद्धालु रथ के आगे झाडू बुहार कर मार्ग को स्वच्छ कर रहे थे। मार्ग में जगह-जगह रथयात्रा पर पुष्प वर्षा की गई। हरिनाम संकीर्तन के साथ ही श्रद्धालु बारी-बारी रथयात्रा को खींच कर खुद को धन्य मान रहे थे। विष्णु विहार स्थित श्री श्री जगन्नाथ मंदिर में रथयात्रा ने विश्राम लिया। यहां सभी भक्तों के लिए विश्राम व प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। समिति अध्यक्ष पुरूषोत्तम दास ने बताया कि रथ पर आरुढ़ भगवान श्री जगन्नाथ, भाई बलदेव, बहन सुभद्रा एवं सुदर्शन चक्र के दर्शन करने या रथ की रस्सी खींचने का विशेष धार्मिक महत्व है। संस्था द्वारा अब तक 25 रथ यात्राओं का सफल संचालन नित्य लीला प्रविष्ट स्वामी भक्ति योग महाराज की प्रेरणा से किया जा चुका है। रथ यात्रा में मधुबन आश्रम ऋषिकेश के परम अध्यक्ष परमानंद महाराज, राधा गोविंद दास समेत अनेक भक्तगण भी मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

