दतिया,17 जनवरी (आरएनएस)। ग्वालियर संभाग के संभाग आयुक्त मनोज खत्री की अध्यक्षता में आज शनिवार को न्यू कलेक्ट्रेट कार्यालय दतिया के सभाकक्ष में 21 जनवरी 2026 को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस के संबंध में में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
संभाग आयुक्त खत्री ने विभागवार कॉन्फ्रेंस में दिए गए बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की प्राकृतिक खेती, खाद वितरण, पराली एवं नरवाई प्रबंधन, ई-टोकन प्रणाली, ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई, फसल क्लस्टर तथा “एक बगिया माँ के नाम” अभियान की स्थिति की समीक्षा की। पशु चिकित्सा विभाग की कामधेनु योजना एवं गौशाला संचालन, मत्स्य विभाग की बायो-फ्लॉक योजना, स्वास्थ्य विभाग की कुपोषण स्थिति, बाल आरोग्य कार्यक्रम, गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन, टीबी स्क्रीनिंग एवं मात्र वंदना योजना की भी समीक्षा की गई।
उन्होने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, जिला स्तरीय कौशल विकास समिति की बैठकों, पीएम आवास योजना, स्वच्छ सर्वेक्षण, अमृत योजना, पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति की जानकारी ली। उन्होने शिक्षा विभाग के अंतर्गत नामांकन वृद्धि एवं ड्रॉपआउट दर में कमी, आंगनवाड़ी केंद्रों में 3 से 6 वर्ष के बच्चों के प्रवेश, पाठ्य पुस्तक वितरण, जनजातीय कार्य विभाग अंतर्गत वनाधिकार पट्टों, एससी-एसटी प्रकरणों तथा जिले में सुशासन के लिए किए गए कार्यों की भी समीक्षा की।
संभाग आयुक्त खत्री ने कृषि विभाग के अधिकारियों से खाद वितरण पर विस्तृत चर्चा करते हुए गत वर्ष की तुलना में वर्तमान खपत की जानकारी ली। पराली जलाने के मामलों में दर्ज एफआईआर एवं लगाए गए अर्थदंड की भी जानकारी प्राप्त की। “एक बगिया माँ के नाम” अभियान में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर गति बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने पीओ डूडा को पीएम आवास योजना में प्रगति लाने तथा निर्माणाधीन आवासों का भौतिक सत्यापन कर 20 जनवरी 2026 तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। पीएम स्वनिधि योजना में प्रगति कम पाए जाने पर उन्होंने नाराजग़ी जाहिर की और सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं में तेजी लाकर जिले की रैंकिंग सुधारें।
इसके पश्चात संभाग आयुक्त खत्री ने राजस्व विभाग की अलग से बैठक लेकर नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। नामांतरण में अधिक लंबित प्रकरणों पर नाराजग़ी व्यक्त करते हुए नायब तहसीलदार मंगरोल एवं इमलिया को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। सभी एसडीएम को सीमांकन के लंबित प्रकरणों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि प्रगति नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इमलिया, मंगरोल, दतिया, रिछारी, गंधारी एवं गोराघाट क्षेत्रों में लंबित राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। फार्मर रजिस्ट्री एवं स्वामित्व योजना की प्रगति कम पाए जाने पर भी असंतोष व्यक्त किया गया।
संभाग आयुक्त मनोज खत्री ने मतदाता गहन पुनरीक्षण एसआईआर अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की। इस संबंध में डिप्टी कलेक्टर बृजेंद्र यादव द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने मैपिंग, नॉन मैपिंग, जेंडर रेशियो, ईपी रेशियो, यंग इलेक्टर्स, 85$ एवं दिव्यांग मतदाता, क्लेम एवं ऑब्जेक्शन (फॉर्म 6, 7, 8) तथा लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संभाग आयुक्त ने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाए, नवविवाहित एवं अन्य स्थानों से आई महिलाओं के नाम भी सूची में सम्मिलित किए जाएं। उन्होंने कहा कि एसआईआर का कार्य पूरी गंभीरता और गुणवत्ता के साथ किया जाए, जनप्रतिनिधियों के साथ सतत बैठक कर उन्हें प्रगति से अवगत कराया जाए। उन्होने श्री खत्री ने स्पष्ट किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित समय-सीमा में ठोस प्रगति सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर कलेक्टर महेन्द्र सिंह कवचे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील शिवहरे, संयुक्त कलेक्टर श्रृति अग्रवाल, लोकेन्द्र सिंह सरल, एसडीएम दतिया, सेवढ़ा, भाण्ड़ेर सहित अन्य विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहेे।

