सीहोर,17 जनवरी (आरएनएस)।शहर के बीएसआई मैदान पर क्रिसेंट रेसीडेंसी गु्रप के तत्वाधान में स्व. प्रमोद पटेल की स्मृति में आयोजित एसपीएल-7 में शनिवार को दो मैच खेले गए थे। इसमें पहला मैच क्रिकेट वारियर्स और कृष्ण ब्लास्टर के मध्य खेला गया। इस मुकाबले में कृष्णा ब्लास्टर की टीम ने सात विकेट से जीत हासिल की। वहीं एक अन्य मुकाबला काका लायंस और साइबेरियन पैंथर के मध्य मुकाबला रोमांचक रहा। इस मैच में पैंथर टीम ने एक रन से शानदार जीत हासिल की। मुकाबले के पश्चात कोतवाली थाना प्रभारी रविन्द्र यादव, एसोसिएशन के सचिव अतुल तिवारी और कोषाध्यक्ष वीरु वर्मा ने मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को पुरस्कार वितरण किया।
शनिवार की सुबह पहले मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी क्रिसेंट वारियर्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 127 रन बनाए थे। इसमें सलामी बल्लेबाज के रूप में उतरे विस्फोटक बल्लेबाज आदर्श राय ने 41 गेंद पर 54 रन बनाए थे। इसके अलावा जितेन्द्र जायसवाल ने 11 रन, विजय कुमार ने 25 रन और हेमंत चौरसिया ने 12 रन की पारी खेली। वहीं कृष्णा ब्लास्टर की ओर से गेंदबाजी करते हुए कनक-अमित शर्मा ने 2-2 विकेट, रौनक, विशांक शिंदे और आदित्य ने 1-1 विकेट हासिल किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कृष्णा ब्लास्टर की टीम ने 16.2 ओवर में तीन विकेट खोकर यह मैच जीत लिया। इसमें नरेन्द्र ने 13 रन, संयोग ने 58 रन और आदित्य ने 17 रन की पारी खेली। इधर क्रिसेंट की ओर से अमित ने दो विकेट और हेमंत चौरसिया ने एक विकेट हासिल किया।
डीसीए के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि दूसरा मुकाबले साइबेरियन पैंथर और काका लायंस के मध्य खेला गया था, इस मुकाबले पैंथर ने मैच के अंतिम क्षण में एक रन से जीत हासिल की। इसमें काका पैंथर की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 165 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी काका लायंस की टीम 164 रन ही बना सकी। इस मुकाबले में पैंथर की ओर से नितेश ने 22 रन, गौरव पिचोनिया ने 37 रन, अतुल कुशवाहा ने 10 रन, कमलेश पारोचे ने 45 रन, दीपेश सेन ने 15 रन और गौरव खरे ने 22 रन की शानदार पारी खेली।

