रायपुर, 18 जनवरी (आरएनएस)। बाथरूम में खोदे गए सेप्टिक टैंक के गड्ढे में गिरकर 5 साल की बच्ची की मौत हो गई। बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। बच्ची को गड्ढे से बाहर निकाला। निजी अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी। मामले में मोवा थाना पुलिस ने आरोपी मकान मालिक के खिलाफ जुर्म दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक मृत बच्ची का नाम रिया महिलांग है। महासमुंद जिले के पटेवा गांव की रहने वाली थी। अपनी मौसी की गोदभराई कार्यक्रम में अपने पिता एलन और मां धनेश्वरी महिलांग के साथ रायपुर आई थी। टॉयलेट गई थी, तभी हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के मुताबिक मकान मालिक जीवनलाल कुर्रे ने टॉयलेट का गंदा पानी निकलवाने के लिए बाथरूम में एक गड्ढा करवाया था।
इसके बाद उन्होंने उस गड्ढे को एक बोरी से ढंककर छोड़ दिया था। दरअसल, शनिवार दोपहर 1 बजे बच्ची टॉयलेट गई थी। इस दौरान उसकी नानी भी वहां मौजूद थी, लेकिन नानी बाथरूम के बाहर पानी लाने गई। बच्ची टॉयलेट से उठकर बाथरूम में आ गई। यहां सेप्टिक टैंक में गड्ढा था। बच्ची का पैर बोरी में फंस गया।
वह सीधे सेप्टिक टैंक के गड्ढे में गिर गई। इस दौरान बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सेप्टिक टैंक से बच्ची को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। बच्ची को फौरन नजदीकी निजी अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टर्स ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी मकान मालिक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर जांच में लिया है।
बंछोर
०००


















