काशीपुर,18 जनवरी (आरएनएस)। कोतवाली के सामने वर्षों से लगे फड़ों पर निर्भर 29 फड़ स्वामियों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। प्रशासन ने क्षेत्र में संचालित सभी को नोटिस जारी करते हुए स्थान खाली करने के निर्देश दिए हैं। नोटिस मिलने के बाद फड़ स्वामियों में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि इससे पूर्व भी फड़ संचालकों को कई बार नोटिस दिए जा चुके हैं। इस बार प्रशासन ने 17 जनवरी तक फड़ हटाने का अल्टीमेटम दिया था। हालांकि फिलहाल प्रशासन की ओर से उन्हें मंगलवार तक की अस्थायी राहत दी गई है, लेकिन इसके बाद की स्थिति को लेकर फड़ स्वामियों में असमंजस बना हुआ है। नोटिस मिलने के बाद फड़ व्यवसायी गहरी चिंता में हैं। अपनी आजीविका पर आए इस संकट से निपटने के लिए वे आपस में लगातार विचार-विमर्श कर रहे हैं। एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने बताया कि सभी फड़ स्वामियों को एसडीएम कोर्ट से नोटिस जारी किए गए हैं। उन्हें अपने अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। यह भूमि राजकीय संपत्ति है और मामले की पैरवी एसडीएम कोर्ट में चल रही है। प्रशासन की कार्रवाई से फड़ व्यवसायियों में डर और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

