भोपाल 18 जनवरी (आरएनएस)।राजधानी भोपाल के एक युवक को उसकी प्रेमिका ने कॉल कर राजस्थान के गांव बुलाया, जहां पहुंचते ही युवती के परिजनों और गांव वालों ने उसे बंधक बना लिया और बेरहमी से मारपीट की। आरोपियों ने युवक को पीटते हुए बीयर की बोतल से जबरन तरल पदार्थ पिलाने का वीडियो बनाकर परिजनों को भेजा।
वीडियो मिलने के बाद रविवार दोपहर परिजन भोपाल के कोलार थाने पहुंचे। परिजनों का दावा है कि बोतल में पेशाब भरकर पिलाया गया। भोपाल पुलिस ने युवक को मुक्त कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है। राजगढ़ पुलिस की एक टीम राजस्थान रवाना की गई है।
राजस्थान के झालावाड़ जिले के दांगीपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव में भोपाल के युवक को तीन दिनों से बंधक बनाकर रखा गया है। आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट का वीडियो बनाकर उसके परिजनों को भेजा, जिससे परिवार में दहशत फैल गई।
पीडि़त 18 वर्षीय सोनू भोपाल के कोलार इलाके का रहने वाला है। उसका प्रेम-प्रसंग झालावाड़ जिले के ग्राम पुलोरो निवासी एक युवती से चल रहा था। युवती करीब 15 दिन पहले भोपाल आई थी और सोनू के साथ रहने लगी थी।
करीब दस दिन पहले युवती के परिजन भोपाल पहुंचे और समझा-बुझाकर उसे अपने साथ गांव ले गए। तीन दिन पहले युवती ने ही सोनू को कॉल कर गांव बुलाया और साथ ले जाने की बात कही। प्रेमिका के कहने पर सोनू राजस्थान पहुंचा, जहां युवती के परिजनों और गांव वालों ने उसे पकड़कर बंधक बना लिया और जमकर मारपीट की।
कोलार थाने के थाना प्रभारी संजय सोनी ने बताया कि घटना राजस्थान की है, लेकिन युवक को सुरक्षित मुक्त कराना प्राथमिकता है। राजगढ़ पुलिस को मौके पर भेजा गया है और राजस्थान पुलिस को पूरे मामले से अवगत करा दिया गया है। वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

