जबलपुर 18 जनवरी (आरएनएस)।मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने झकझोर कर रख दिया। बरेला थाना क्षेत्र के एकता चौक के पास तेज रफ्तार और बेकाबू कार ने सड़क किनारे बैठकर खाना खा रहे 14 मजदूरों को कुचल दिया। इस भयावह हादसे में 2 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इनमें से 7 की हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी मजदूर हाईवे के डिवाइडर पर लगी लोहे की ग्रिल की सफाई और पेंटिंग का काम कर रहे थे। दोपहर करीब 2 बजे, काम से थोड़ी देर का ब्रेक लेकर सभी मजदूर सड़क किनारे बैठकर खाना खा रहे थे, तभी बरेला से जबलपुर की ओर आ रही एक सफेद कार तेज रफ्तार में आई और मजदूरों को रौंदते हुए फरार हो गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। मजदूर इधर-उधर सड़क पर पड़े तड़पते रहे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और डायल 108 को सूचना दी। कुछ ही देर में बरेला थाना पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों को समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को 108 एम्बुलेंस के जरिए पहले जिला अस्पताल और फिर गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया। डॉक्टरों के मुताबिक, 7 मजदूरों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। मृतक और घायल सभी मजदूर मंडला जिले के बीजाडांडी थाना क्षेत्र के बिहारिया गांव के निवासी हैं, जो पिछले डेढ़ महीने से जबलपुर में मजदूरी कर रहे थे।
हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान चैनवती (35), लच्छो बाई (38) निवासी बम्होरी गांव, जिला मंडला है। वहीं घायलों में शामिल गोमती बाई (40), राजकुमारी (37), वर्षा बाई (39), कृष्णा बाई (41), अकलवती (36), प्रभावती (40), मीरा बाई (38), जमना बाई (35), ज्ञानवती (41), भगवती (37), लक्ष्मी बाई (39) और छोटीबाई (36) का अस्पताल न इलाज जारी है।
हादसे के बाद आरोपी चालक कार समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बरेला थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपी चालक की तलाश तेजी से की जा रही है।

