बलौदाबाजार, 19 जनवरी (आरएनएस)। जिले के लवन थाना क्षेत्र अंतर्गत डोंगरिडीह गांव में आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घरेलू गैस सिलेंडरों से भरे एक ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक को तत्काल कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। मृतक युवक की अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। घटना की सूचना मिलते ही लवन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है और आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को मृतक या ट्रक के संबंध में कोई जानकारी हो तो लवन थाना को सूचित करें।
बंछोर
०००

