भोपाल 19 जनवरी (आरएनएस)। ईंटखेड़ी में कवाबची रेस्टोरेंट के पास बुजुर्ग महिला का शव मिला है। उनके चेहरे पर चोटों के निशान हैं। रविवार को महिला करोंद में रहने वाली बेटी के घर मिलने गई थीं। रात के समय वहां से घर लौटने का बोलकर निकलीं। इसके बाद रहस्यमय हालातों में लापता हो गईं।
परिजन उनकी तलाश करते रहे, इसी बीच सोमवार की सुबह उनकी बॉडी बरामद की गई। परिजनों की मौजूदगी में शव का पीएम करा लिया गया है। पुलिस का कहना है पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय करेंगे
परवीन (61) पति सईद खान अरवलिया थाना ईंटखेड़ी क्षेत्र में रहती थीं। वे आंगनबाड़ी में जॉब करती थीं और पिछले साल रिटायर्ड हुई हैं। उनके 6 बेटे और दो बेटियां हैं। करोंद इलाके में रहने वाली बेटी से मिलने का बोलकर रविवार की शाम को घर से निकली थीं। बेटी के घर पहुंची, वहां रात का खाना बेटी-दामाद के साथ खाया और रात 9:30 बजे बेटी के घर से अपने घर जाने का बोलकर रवाना हो गईं।
इसके बाद देर रात तक जब घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। कई कॉल करने पर भी उनका फोन नहीं उठ रहा था। तमाम परिजनों और परिचितों के घर तलाशने के बाद भी जब महिला नहीं मिलीं तो थाने में सूचना दी गई। इसी बीच सोमवार तड़के उनकी बॉडी कवाबची रेस्टोरेंट के करीब मिली। उनके शरीर पर चोटों के निशान हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

