भोपाल 19 जनवरी (आरएनएस)। कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर विवादित टिप्पणी करने वाले मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह की माफी पर सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई हुई। इस दौरान शीर्ष अदालत ने बेहद सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि अब माफी मांगने में बहुत देर हो चुकी है।
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि विजय शाह के खिलाफ जांच पूरी हो चुकी है, इसके बावजूद राज्य सरकार ने अब तक उनके खिलाफ अभियोजन की मंजूरी क्यों नहीं दी, इस पर कोर्ट ने सरकार से कड़े सवाल पूछे।
गौरतलब है कि 11 मई 2025 को विजय शाह ने एक सार्वजनिक सभा के दौरान कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। बयान सामने आने के बाद देशभर में तीखी प्रतिक्रिया हुई और मामला अदालत तक पहुंच गया। विवाद बढऩे पर मंत्री विजय शाह ने एक वीडियो जारी कर माफी मांगी थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इस माफी को पर्याप्त नहीं माना।
सोमवार को हुई सुनवाई में कोर्ट ने साफ कहा कि इतनी देर से मांगी गई माफी का कोई महत्व नहीं रह जाता। इससे पहले 28 जुलाई को भी सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले की सुनवाई की थी। उस समय अदालत ने ऑनलाइन माफी को लेकर मंत्री विजय शाह को कड़ी फटकार लगाई थी और उनके रवैये पर गंभीर टिप्पणी की थी।
अब सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद यह देखना अहम होगा कि राज्य सरकार अभियोजन की मंजूरी को लेकर क्या कदम उठाती है।

