भोपाल 19 जनवरी (आरएनएस)। भोपाल के केंद्रीय जेल में पदस्थ महिला प्रहरी पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। सिर में गंभीर चोट के चलते महिला को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीडि़ता ने हमले का आरोप सहकर्मी के बेटे और परिजनों पर लगाया है। आरोप है कि पूरी वारदात को गबन की शिकायत करने से नाराज होकर अंजाम दिया गया है। गांधी नगर पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है।
महिला प्रहरी कमला शर्मा पर गुजरे शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब दो बजे ड्यूटी से घर लौट रही थीं। जेल से बाहर निकलते ही मुख्य मार्ग पर महिला के सहकर्मी शरीफ खान के बेटे अमन खान ने उनके सिर में पीछे से रॉड से हमला कर दिया। इससे वे बेहोश हो गईं, अमन ने वारदात के बाद बदहवास महिला को घसीटकर सड़क के बीच में लेटादिया।
जिससे वह किसी वाहन की चपेट में आए और पूरी घटनाक्रम एक्सीडेंटल नजर आए। हालांकि एक अन्य वाहन चालक ने घटनाक्रम को देखने के बाद महिला को अस्पताल में भर्ती करा दिया। पीडि़ता के बयानों के आधार पर गांधी नगर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। अमन की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
कमला शर्मा के बेटे प्रेमनारायण शर्मा की 2023 में मौत हो चुकी है। तब से कमला का पोता पिता के मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा था। इसी मोबाइल फोन में पिता का यूपीआई भी चलता था। सेंट्रल जेल क्वार्टर में उनके मकान के करीब रहने वाले साथी प्रहरी शरीफ खान का घर है। शरीफ का बेटा अमन खान कमला के पोते अमन शर्मा का दोस्त है।
कमला का आरोप है कि बीते दो सालों से लगातार अमन खान पोते अमन शर्मा को बहला फुसलाकर रकम ऑनलाइन रकम ऐंठ रहा है। इस तरह अमन करीब ढाई लाख रुपए से अधिक की राशि ले चुका है। हाल ही में 80 हजार रुपए एक साथ निकाले गए तब मैसेज देखने के बाद मामला उनके संज्ञान में आया और उन्होंने अमन खान की शिकायत साइबर क्राइम ब्रांच में कर दी। गबन की एफआईआर दर्ज होने के डर से अमन ने पूरी प्लानिंग के बाद हमला कर दिया।
भोपाल जेल के सुपरिटेंडेंट राकेश भांगरे ने बताया कि दो दिन पहले मामला संज्ञान में आया था। रविवार को कमला शर्मा से मुलाकात की। कमला ने बताया कि शरीफ के बेटे अमन खान ने उनके पोते को बहला फुसलाकर लाखों रुपए की राशि ऑनलाइन अपने खाते में ट्रांसफर कराकर हड़प ली है। इसकी शिकायत उन्होंने साइबर क्राइम में की तो अमन ने हमला कर दिया।
एक्सीडेंट दिखाने उन्हें बेहोशी की हालत में बीच सड़क पर लेटा दिया। जिसके बाद जेल प्रशासन ने गांधी नगर पुलिस को कार्रवाई के लिए अनुशंसा की। जिसके बाद गांधी नगर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। गांधी नगर पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगी।

