भोपाल 20 जनवरी (आरएनएस)। छोला मंदिर थाना क्षेत्र स्थित राधा कृष्ण कॉलोनी, खेजड़ा में शादी के महज 14 महीने बाद ही एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला की मौत पति से हुए झगड़े के बाद गला दबाने से हुई है। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 28 वर्षीय कंचन साहू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से टीलाजमालपुरा की निवासी थी। करीब 14 महीने पहले उसकी शादी हेमराज साहू से हुई थी। हेमराज फुटकर व्यापारी है और हाट-बाजार में दाल बेचने का काम करता है। शादी के बाद दोनों राधा कृष्ण कॉलोनी, खेजड़ा में किराए के मकान में रह रहे थे।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट होने लगी। इसी दौरान गुस्से में आकर पति हेमराज साहू ने कंचन का गला दबा दिया। जब वह बेसुध हो गई, तो आरोपी पति उसे उसी हालत में छोड़कर अपने कमरे में जाकर सो गया।
जब हेमराज की नींद खुली तो उसने देखा कि कंचन बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़ी हुई है और उसकी बॉडी में कोई हलचल नहीं हो रही थी। यह देखकर वह घबरा गया और सीधे छोला मंदिर थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी कि उसकी पत्नी की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
प्रारंभिक जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। नवविवाहिता की मौत का मामला होने के चलते मर्ग डायरी को वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दिया गया है और एसीपी स्तर पर जांच की जा रही है।
नव विवाहिता महिला की मौत के बाद उसके परिजन ने हत्या करने के आरोप लगाए हैं। भाई का आरोप है कि बहन की शादी के बाद से ही पति मनमर्जी का दहेज नहीं मिलने से अक्सर बहन को परेशान करता था। मां की मौत के बाद पहला त्योहार मनाने बहन घर आई थी। शाम के समय पति लेने आया तो दीदी ने दो दिन और मायके में रुकने की इच्छा जाहिर की थी इस पर पति गुस्सा हो गया, तब बहन उसके साथ उसी समय लौट गई।

