भोपाल 20 जनवरी (आरएनएस)।भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर की प्रेस ब्रीफिंग करने वाली कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले प्रदेश सरकार के मंत्री कुंवर विजय शाह को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने प्रदेश सरकार को शाह के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी देने पर 2 हफ्ते के भीतर फैसला लेने को कहा है। कोर्ट के फैसले के बाद कांग्रेस फिर से सड़कों पर उतर आई है। भोपाल में कांग्रेसियों ने शाह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया।
कांग्रेस नेता अमित शर्मा के नेतृत्व में पीसीसी कार्यालय के बाहर कांग्रेस के एक कार्यकर्ता को विजय शाह का मुखौटा पहनाकर संकेतिक हथकड़ी पहनाकर विरोध दर्ज करवाया गया। इस दौरान हाथों में तख्तियां लेकर कांग्रेसियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए विजय शाह की गिरफ्तारी की मांग की।
इस दौरान अमित शर्मा ने कहा कि सेना की बहादुर बेटी के खिलाफ अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करने वाले प्रदेश सरकार के मंत्री कुंवर विजय शाह को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को सख्त आदेश दिया है कि उनके ऊपर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया जाए। लेकिन ऑपरेशन सिंदूर के बाद से ही सरकार ने उन्हें खुली छूट दे रखी है, वह घूम रहे हैं और उन्हें अभी तक मंत्रिमंडल से भी बर्खास्त नहीं किया गया है।
शर्मा ने कहा कि सोफिया कुरैशी ने देश का गर्व और मान बढ़ाया। वह देश की बेटी है जिसके सम्मान से एक-एक भारतीय गौरवान्वित हुआ, उसके खिलाफ अर्नगल टिप्पणी करते हैं।
अमित शर्मा ने कहा कि हमें पता था कि विजय शाह को मध्य प्रदेश सरकार कभी भी गिरफ्तार नहीं करेगी। हमने सांकेतिक रूप से कुंवर विजय शाह को गिरफ्तार किया है। इसके जरिए हमारा संदेश है कि जो काम सरकार नहीं कर पा रही वह कांग्रेस कर रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी विजय शाह के खिलाफ एफआईआर नहीं की, तो कांग्रेस मुख्यमंत्री निवास का घेराव कर उग्र आंदोलन करेगी।

