नई दिल्ली 23 Jan, (Rns) । आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय और अनुकरणीय कार्य के लिए भारतीय सेना की लेफ्टिनेंट कर्नल सीता अशोक शेल्के को सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार उन्हें व्यक्तिगत श्रेणी में प्रदान किया गया है, जबकि संस्थागत श्रेणी में सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SSDMA) को सम्मानित किया गया है।
लेफ्टिनेंट कर्नल सीता शेल्के को वर्ष 2024 में केरल के वायनाड जिले में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन के दौरान बड़े पैमाने पर मानवीय सहायता और आपदा राहत (HADR) अभियानों का सफल नेतृत्व करने के लिए यह सम्मान दिया गया। उनके नेतृत्व में भारतीय सेना की टीमों ने कठिन परिस्थितियों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने, राहत सामग्री पहुंचाने और प्रभावित इलाकों में त्वरित सहायता सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाई।
पुरस्कार चयन समिति ने उनके साहस, नेतृत्व क्षमता और आपदा के समय त्वरित निर्णय लेने की क्षमता की सराहना की है। वहीं SSDMA को राज्य स्तर पर आपदा प्रबंधन की प्रभावी रणनीति, तैयारी और त्वरित प्रतिक्रिया के लिए संस्थागत पुरस्कार से नवाजा गया है।
सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार देश में आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थानों को दिया जाने वाला एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान है।

